बेगूसराय। 15 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ चलाया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर मंगलवार को नगर निगम कार्यालय के सभागार में अंतर-विभागीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने की।
इसमें सफाईकर्मियों के हेल्थ कैंप, पौधारोपण, खेलकूद प्रतियोगिता, पर्यटन स्थलों की सफाई और विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता जैसे कार्यक्रमों की तैयारी पर चर्चा हुई।
इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। अभियान में स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (CTU), सफाई मित्र सुरक्षा और युवा सहभागिता पर विशेष जोर रहेगा।
सफाई मित्रों से युवाओं तक बढ़ेगी भागीदारी: अभियान के तहत कचरा जमा होने वाले संवेदनशील स्थानों और अधिक भीड़ वाले सार्वजनिक स्थलों की सफाई की जाएगी। सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम होंगे।
विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके साथ ही स्रोत पर कचरा पृथक्करण, घरेलू कंपोस्टिंग, चक्रीय अर्थव्यवस्था और ‘अपशिष्ट से कला’ जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। पूजा पंडालों और बाजार क्षेत्रों में प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ आयोजन के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
एक महीने तक चलेगा कार्यक्रमों का सिलसिला: 17 सितंबर को घर, दुकान, कार्यालय और संस्थानों से सफाई अभियान की शुरुआत होगी। 18 सितंबर को स्वच्छ पाठशाला और युवाओं की भागीदारी पर कार्यक्रम होंगे। 19-20 सितंबर को स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और कचरा संवेदनशील स्थानों का रूपांतरण किया जाएगा।
20-30 सितंबर तक सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर होंगे। 21 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और 23 सितंबर से 11 अक्टूबर तक जनभागीदारी आधारित जागरूकता अभियान चलेगा। 25-26 सितंबर को स्वच्छ एवं हरित उत्सव और 27-30 सितंबर को पर्यटन स्थलों की विशेष सफाई होगी।
28 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता से समृद्धि’ को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ और 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर मेगा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
3-5 अक्टूबर तक जल निकायों की सफाई, 6-7 अक्टूबर को संस्थानों और कार्यालय परिसरों की सफाई तथा 7-10 अक्टूबर को विद्यालय स्वच्छता कार्यक्रम होंगे। 8-11 अक्टूबर तक बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में विशेष सफाई की जाएगी।
6-11 अक्टूबर तक स्रोत पर कचरा पृथक्करण और घरेलू कंपोस्टिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। पूजा पंडालों के आसपास विशेष सफाई कराई जाएगी और आयोजकों, दुकानदारों व नागरिकों को प्लास्टिक मुक्त आयोजन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
11-20 अक्टूबर तक ‘स्वच्छ पर्व-हरित पर्व’ थीम पर पर्यावरण अनुकूल उत्सव आयोजित होंगे। 17 अक्टूबर को सार्वजनिक शौचालयों की विशेष सफाई और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
बैठक में सिविल सर्जन, उप नगर आयुक्त, जिला खेल पदाधिकारी, जिला पर्यटन पदाधिकारी, जिला समन्वयक एलएसबीएस, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, फुटपाथ विक्रेता संघ के अध्यक्ष व सचिव, सफाई कार्य की आउटसोर्स एजेंसी के प्रतिनिधि सहित अन्य मौजूद रहे।







Total views : 106231