गिरिराज सिंह बोले– जनादेश का सम्मान करना लोकतंत्र की पहली शर्त, रामकृपाल यादव ने कहा– लोकतंत्र की मजबूती के लिए एनडीए एकजुट
बेगूसराय। 2 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के संकल्प के साथ सोमवार को बेगूसराय में एनडीए की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ विशाल पदयात्रा निकाली गई। गांधी स्टेडियम से स्वामी विवेकानंद चौक (ट्रैफिक चौक) तक आयोजित इस पदयात्रा में पांच हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इसमें एनडीए के घटक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, व्यवसायियों और आम नागरिकों की भागीदारी रही।

पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह, बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री सह बेगूसराय जिला प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, नगर विधायक कुंदन कुमार, भाजपा प्रदेश मंत्री कुमार राघवेंद्र सहित एनडीए के विभिन्न घटक दलों के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जीतना और हारना स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन जनता के जनादेश को स्वीकार करना और उसका सम्मान करना लोकतंत्र की पहली शर्त है। चुनाव में हार के बाद बार-बार चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र जनता के विश्वास, संविधान की मर्यादा और संस्थाओं की निष्पक्षता पर आधारित है। राजनीतिक विरोध और असहमति लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन इसके नाम पर भ्रम और अराजकता का माहौल बनाना उचित नहीं है।
बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास और उसका जनादेश है। सभी को अपनी बात रखने और विरोध करने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता कमजोर करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए एनडीए पूरी एकजुटता के साथ प्रतिबद्ध है।
हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि एनडीए देश और बिहार में सुशासन, विकास, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। बेगूसराय की सड़कों पर उमड़ी भीड़ जनता के विकास और स्थिरता के प्रति समर्थन को दर्शाती है।
तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन विरोध की आड़ में अराजकता फैलाना और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।
नगर विधायक कुंदन कुमार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी हार के बाद अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े किए जाते हैं। वहीं, बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता ने कहा कि जनता लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के साथ खड़ी है।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों, एनडीए के घटक दलों के जिलाध्यक्षों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ जनता के बीच रहकर लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाते रहेंगे।
पदयात्रा के दौरान पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं और आम लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के जरिए एनडीए ने बेगूसराय में अपनी एकजुटता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।







Total views : 114397