माउंट आबू से पहुंचे राजयोगी बीके रामश्लोक भाई और बीके कंचन दीदी ने किया भूमि पूजन, आध्यात्मिक ज्ञान का केंद्र बनेगा नया भवन
बेगूसराय। 1 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
शांति, प्रेम, खुशी और आध्यात्मिक चेतना के शुभ संकल्पों के साथ रविवार को ब्रह्माकुमारीज बलिया सेवाकेंद्र के नवनिर्मित भवन के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 9 बजे बलिया स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्र, NH-31, अवध तिरहुत रोड, तिरमुहानी में किया गया। इस दौरान आध्यात्मिक वातावरण में उपस्थित लोगों ने भवन निर्माण के सफल होने और क्षेत्र में सुख-शांति स्थापित होने की कामना की।

इस पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज संस्था के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू (राजस्थान) से पहुंचे राजयोगी बीके रामश्लोक भाई एवं बेगूसराय सेवाकेंद्र की संचालिका बीके कंचन दीदी के शुभ हाथों से भूमि पूजन की प्रक्रिया संपन्न हुई। पारंपरिक एवं आध्यात्मिक विधि से पूजन सामग्री अर्पित कर सभी ने परमात्मा की स्मृति में शांति, प्रेम, सुख और खुशहाली के संकल्प लिए।
स्थानीय सेवाकेंद्र की संचालिका बीके विभा बहन ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन किया तथा अतिथियों का स्वागत एवं सत्कार किया।
इस अवसर पर बीके कंचन दीदी ने कहा कि यह भवन केवल एक भौतिक संरचना नहीं होगा, बल्कि आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग मेडिटेशन, शांति, निःस्वार्थ प्रेम, एकता और नैतिक एवं चारित्रिक उत्थान का केंद्र बनेगा। यहां से बलिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को परमात्मा से जुड़ने, आत्मिक शांति प्राप्त करने तथा जीवन में श्रेष्ठ संस्कार अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में विभिन्न सेवाकेंद्रों से बीके कृति, बीके खुशबू, बीके सरिता, बीके नीलम, बीके मंजू और बीके ऋचा सहित कई बहनें शामिल हुईं। वहीं संस्था के सहयोगी बीके संजय, नेपो भाई, राजीव भाई, आनंद भाई, बाबू जी तथा मुख्यालय से बीके मणिलाल भाई, बीके आश्रित भाई समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों अशोक कुमार सिंह (सदानंदपुर), दीपक कुमार (सदानंदपुर), मुखिया संघ के अध्यक्ष मो. एहसान, पंकज सिंह और राकेश कुमार सहित अन्य लोगों ने भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी शुभकामनाएं दीं। सभी ने इस आध्यात्मिक पहल की सराहना करते हुए भवन निर्माण कार्य में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि नया सेवाकेंद्र परमपिता परमात्मा शिव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही समाज में सुख, शांति, पवित्रता और सकारात्मकता का वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।







Total views : 114461