पटना, 2 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित विधान परिषद सदस्य बंशीधर बृजवासी और राहुल राज के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग तेज हो गई है। इसको लेकर सोमवार को जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना के नेतृत्व में बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रो. डॉ. रामवचन राय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों एमएलसी की सदस्यता समाप्त करने की मांग करते हुए सभापति को याचिका (पिटीशन) सौंपी।
मुलाकात के बाद पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित निर्दलीय एमएलसी बंशीधर बृजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित निर्दलीय एमएलसी राहुल राज ने चुनाव जीतने के 72 घंटे के भीतर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। उन्होंने कहा कि संविधान की दसवीं अनुसूची के प्रावधानों के तहत निर्दलीय निर्वाचित सदस्य यदि चुनाव के बाद किसी राजनीतिक दल की सदस्यता ग्रहण करता है, तो उसकी विधान परिषद सदस्यता समाप्त हो सकती है।
उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने सभापति से पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए संबंधित पक्ष को नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में भारत निर्वाचन आयोग, बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मुख्य सचिव और संबंधित आयुक्त को भी पक्षकार बनाया गया है।
किशोर कुमार मुन्ना के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने पेन ड्राइव के माध्यम से सभापति को आवश्यक साक्ष्य भी सौंपे हैं। इनमें समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरें, मीडिया में दिए गए बयान और भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने से संबंधित अन्य साक्ष्य शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों नेताओं ने सार्वजनिक रूप से भाजपा में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
सभापति ने कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेकर कार्रवाई का दिया भरोसा
पूर्व एमएलसी रामबली सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने सभापति के समक्ष अपनी बात रखते हुए मामले में जल्द न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सभापति ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेने और सभी आवश्यक कानूनी एवं संवैधानिक प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
रामबली चंद्रवंशी ने सभापति की निष्पक्षता पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उचित निर्णय लिया जाएगा।
इस मौके पर जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, पूर्व एमएलसी रामबली सिंह चंद्रवंशी, सुभाष कुशवाहा, तेज नारायण सहनी, सुरेश पटेल, ओबैदुर रहमान सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।







Total views : 114441