बिहार के सभी प्रमंडलों की अंडर-19 बालक क्रिकेट टीमें ले रही हैं हिस्सा, गांधी स्टेडियम और रिफाइनरी स्टेडियम में हो रहे मुकाबले
बेगूसराय। 2 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 का सोमवार को गांधी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में बिहार के सभी प्रमंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट प्रेमियों और दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, एडीएम राजीव रोशन, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, वरीय उप समाहर्ता आमिर अहमद, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी तथा जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाकर किया। इससे पूर्व जिला खेल पदाधिकारी ने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ व्यक्तित्व विकास के लिए भी जरूरी है। खेल से आपसी भाईचारा, सद्भावना और मित्रता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करने की अपील की।

एडीएम राजीव रोशन ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी बच्चों का भविष्य उज्ज्वल है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि बिहार की धरती साहित्य, कला और खेल के क्षेत्र में समृद्ध रही है। यहां के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
वरीय उप समाहर्ता आमिर अहमद ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को शुरुआती दौर से ही खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं प्रियंका कुमारी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित कर उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। विभिन्न विद्यालयों एवं जिलों से चयनित खिलाड़ी अपने-अपने प्रमंडलों की टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले गांधी स्टेडियम एवं रिफाइनरी स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे हैं। यह प्रतियोगिता 4 नवंबर तक चलेगी। सभी मैच नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। खिलाड़ियों, कोच एवं टीम मैनेजर के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की गई है।
पहले दिन तीन मुकाबलों में दिखा खिलाड़ियों का दम
प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर तीन मुकाबले खेले गए। पहला मैच गांधी स्टेडियम में पूर्णिया और दरभंगा प्रमंडल के बीच हुआ। टॉस जीतकर पूर्णिया ने दरभंगा को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। दरभंगा ने निर्धारित 15 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए। अनिकेत राज ने सर्वाधिक 50 रन बनाए। जवाब में पूर्णिया की टीम 14.1 ओवर में 108 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पूर्णिया की ओर से पीयूष राज ने 34 रन बनाए। दरभंगा के अनिकेत राज को 50 रन और एक विकेट के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला रिफाइनरी स्टेडियम में मगध और सारण प्रमंडल के बीच खेला गया। सारण ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 9 विकेट पर 108 रन बनाए। कप्तान अमन ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध की टीम ने 14.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 109 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। मगध की ओर से उत्सव अजय मोदी ने नाबाद 52 रन बनाए और गेंदबाजी में भी तीन ओवर में 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
तीसरा मुकाबला रिफाइनरी स्टेडियम में पटना और भागलपुर प्रमंडल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भागलपुर की टीम ने 15 ओवर में 9 विकेट पर 110 रन बनाए। अशोक ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। जवाब में पटना की टीम ने 14.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 111 रन बनाते हुए जीत हासिल की। पटना की ओर से हरिओम ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। वहीं चार विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी करने वाले कुमार धीरेंद्र शान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने किया। मैच में निर्णायक की भूमिका राजीव कुमार मिश्रा (बक्सर) एवं दीपक कुमार दीप (बेगूसराय) ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया, दीपक, चिरंजीवी, शशिकांत, मणिकांत, ब्रजेश, शुभम, रितेश सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।







Total views : 114395