माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल में दूसरी बार सजा विज्ञान का राज्यस्तरीय मंच, विज्ञान रैली के साथ हुआ कार्यक्रम का आगाज
बेगूसराय, 1 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में रविवार को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के राज्यस्तरीय आयोजन का भव्य शुभारंभ हुआ। साइंस फॉर सोसाइटी, बिहार, स्थानीय आयोजन समिति बेगूसराय तथा माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे बाल वैज्ञानिकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य विज्ञान रैली से हुई। पुलिस अधीक्षक मनीष एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल सैकड़ों बाल वैज्ञानिकों और शिक्षकों ने विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण तथा नवाचार से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इसके बाद आयोजित उद्घाटन समारोह में बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति डॉ. प्रोफेसर एस.के. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. सुरेश प्रसाद राय, बेगूसराय की महापौर पिंकी देवी और साइंस फॉर सोसाइटी, बिहार के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. एस.के. वर्मा ने बाल वैज्ञानिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की जिज्ञासा, प्रयोग करने की क्षमता और नए विचार ही भविष्य के वैज्ञानिक भारत की असली पूंजी हैं। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपनी वैज्ञानिक सोच और शोध को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।

वहीं, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कहा कि बेगूसराय में इस स्तर का वैज्ञानिक आयोजन होना जिले के लिए गौरव की बात है। ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी में वैज्ञानिक चेतना और अनुसंधान की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
साइंस फॉर सोसाइटी, बिहार के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं को पहचानने, उनका वैज्ञानिक अध्ययन करने और समाधान तलाशने का अवसर देती है।
2018 के बाद दूसरी बार माउंट लिट्रा बना मेजबान
इस आयोजन के साथ माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल का नाम एक बार फिर विज्ञान के राज्यस्तरीय मंच से जुड़ गया है। इससे पहले वर्ष 2018 में भी इसी विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के राज्यस्तरीय आयोजन की मेजबानी की गई थी। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीतल अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि दूसरी बार इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष देवा एवं प्राचार्या डॉ. शीतल अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजन की व्यवस्थाएं की गई थीं। राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिभागियों के लिए बेहतर सुविधाएं और सुव्यवस्थित प्रबंधन उपलब्ध कराया गया।
सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार है इस वर्ष की थीम
इस वर्ष 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का केंद्रीय विषय ‘Science and Innovation for Sustainability’ यानी सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार रखा गया है। इसके तहत R5 अपशिष्ट प्रबंधन की अवधारणा पर आधारित परियोजनाओं के माध्यम से बाल वैज्ञानिक अपनी वैज्ञानिक समझ, अनुसंधान क्षमता और नवाचारपूर्ण सोच का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में साइंस फॉर सोसाइटी बिहार के कोषाध्यक्ष डॉ. सतीश रंजन, उपाध्यक्ष डॉ. सी.एस. झा, ZEE LEARN के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. चंद्रमा प्रधान, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस बिहार की अकादमिक समन्वयक डॉ. रश्मि कोमल, समन्वयक डॉ. संदीप कुमार तथा बेगूसराय के जिला समन्वयक हर्षवर्धन कुमार समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे।
बेगूसराय में आयोजित यह राज्यस्तरीय आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच, शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।







Total views : 114461