बेगूसराय। पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अनूठे अभियान ‘साइकिल पे संडे’ की 629वीं यात्रा उत्साह के साथ आयोजित की गई। इस विशेष अवसर पर हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल), बरौनी के परियोजना प्रमुख नितिन सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अभियान के थीम सॉन्ग को लॉन्च किया और अभियान से जुड़े सदस्यों के साथ साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सिद्धपीठ बड़की दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन सक्सेना ने कहा कि लगातार 629 रविवारों तक बिना रुके पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए समर्पित रहना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि और मिसाल है। यह निरंतरता साबित करती है कि समाज का एक छोटा समूह भी सकारात्मक बदलाव का संकल्प लेकर बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिकीकरण के इस दौर में विकास के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग, सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार और पौधरोपण जैसे प्रयास भविष्य को सुरक्षित बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
नितिन सक्सेना ने कहा कि हर्ल भी औद्योगिक प्रगति के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभियान से जुड़े युवाओं और बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विष्णुदेव भारती द्वारा लिखित एवं संगीतबद्ध ‘साइकिल पे संडे’ थीम सॉन्ग का लोकार्पण किया गया। हर्ल बरौनी में परियोजना प्रमुख के रूप में एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर अभियान के सदस्यों ने उन्हें बधाई दी और हर्ल की उपलब्धियों एवं उत्पादन संबंधी गतिविधियों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रमुख ने अभियान के सदस्यों के साथ निर्धारित मार्ग पर साइकिल चलाई। इससे पूर्व अभियान के सदस्यों ने खैराजी टोला पहुंचकर पौधों का वितरण किया और लोगों को हरियाली के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में विनोद भारती, सुजीत कुमार, अंशु कुमार, कुणाल कुमार, शुभम कुमार, राम गोविंद, राज कुमार, कृष्णनंदन, मुकेश मधुकर, राजा, नीतीश, अजीत, प्रशांत कुमार और राजू कुमार सहित अभियान के अन्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. कुन्दन कुमार ने किया।





Total views : 114247