बेगूसराय। 31 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का जन्मदिन शनिवार को बेगूसराय के मिलन चौक स्थित व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष टुनटुन कुमार के नेतृत्व में आयोजित समारोह में पार्टी के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां मनाईं। इस दौरान चिराग पासवान के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रधान महासचिव एवं बेगूसराय-खगड़िया प्रभारी दीपक कुमार, प्रदेश महासचिव संजीत कुमार राय एवं गौरव कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित कुमार एवं सुदर्शन कुमार, खेल एवं कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जय कुमार राय, विधि प्रकोष्ठ के कृष्ण मुरारी सहाय, युवा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार, बबीता कुमारी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रधान महासचिव दीपक कुमार ने कहा कि चिराग पासवान का जन्मदिन पूरे बिहार में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पार्टी ने व्यवसायिक प्रकोष्ठ के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन का मुख्य उद्देश्य बिहार के व्यापारियों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए मजबूती से आवाज उठाना है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा संगठन की पहली प्राथमिकता होगी। आए दिन व्यापारियों के साथ लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में जरूरी है कि व्यापारी भयमुक्त वातावरण में अपना कारोबार कर सकें। स्वर्ण व्यवसायियों सहित सभी वर्गों के व्यापारियों की समस्याओं और मांगों को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
दीपक कुमार ने कहा कि व्यापारी वर्ग बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारियों की सुरक्षा और कारोबार में वृद्धि से ही राज्य आर्थिक रूप से मजबूत होगा। व्यवसायिक प्रकोष्ठ प्रदेश के सभी जिलों में व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध करेगा और उनके समाधान के लिए संगठित प्रयास करेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा व्यापारियों के हित, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।






Total views : 114122