बेगूसराय, 31 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सुखदेव सिंह समन्वय समिति की ओर से शनिवार को पटेल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा पर सरदार पटेल की 151वीं एवं समाजवादी नेता आचार्य नरेंद्र देव की 137वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक नेता एवं जेपी सेनानी अमरेंद्र कुमार सिंह ने की।
मौके पर पूर्व मेयर आलोक कुमार अग्रवाल ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 600 से अधिक देसी रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, डिप्टी मेयर अनिता राय ने सरदार पटेल, आचार्य नरेंद्र देव और इंदिरा गांधी के योगदान को याद किया। दधीचि देहदान समिति के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार राय ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता का सपना देशवासियों को सौंपा, जबकि आचार्य नरेंद्र देव समाजवादी विचारधारा के प्रमुख स्तंभ थे।
अध्यक्षीय संबोधन में अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने हिंसा, घृणा और वैमनस्य के स्थान पर अहिंसा, सहानुभूति और शांति स्थापित करने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद राजकुमार गुप्ता, जेपी सेनानी राजेंद्र महतो, सुनीता देवी, उमेश राय, डॉ. सिद्दीकी, पवन कुमार शर्मा, भोला पासवान, सुधाकर राय, राजकुमार आजाद, निरंजन कुमार सिंह, कामेश्वर राय, सुमित कुमार, अनमोल कुमार, प्रहलाद कुमार, इंजीनियर आलोक कुमार सहित कई लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।







Total views : 114132