बेगूसराय। 15 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार राजकीय अयोध्या शिव कुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय, बेगूसराय में 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग ने किया। इसमें 35 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। महिलाओं को स्वस्थ जीवन के लिए योग, उचित आहार-विहार और पर्याप्त नींद का महत्व बताया गया। जांच के बाद रोग के अनुसार चिकित्सकीय और औषधि संबंधी परामर्श भी दिया गया।
स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेद अपनाने पर जोर: कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आयुर्वेद के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। आयुर्वेद के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय और बिहार सरकार के संयुक्त प्रयास से लोगों के बीच आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है। महाविद्यालय भी इन प्रयासों में हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. विजेंद्र कुमार ने महिलाओं का स्वागत किया। उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए स्वस्थवृत्त के पालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उचित आहार-विहार, योग और पर्याप्त नींद से शरीर को स्वस्थ और मजबूत रखा जा सकता है।
महिलाओं को दिए स्वास्थ्य संबंधी सुझाव: महाविद्यालय के उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार वर्मा ने महिलाओं को स्वस्थ रहने की सलाह दी। डॉ. माधुरी कुमारी ने स्वच्छता, समय पर भोजन और पर्याप्त नींद को कई बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण बताया। डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि आयुर्वेद के आचार्यों द्वारा बताए गए स्वस्थ जीवन के सिद्धांतों को अपनाकर जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। डॉ. विजेंद्र कुमार और डॉ. माधुरी कुमारी ने विभिन्न रोगों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय एवं औषधि परामर्श दिया। गर्भवती महिलाओं को विशेष रूप से खून की कमी दूर करने के उपाय बताए गए।







Total views : 106231