बेगूसराय। 13 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
दिव्यांगजनों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला नियोजनालय, बेगूसराय की ओर से विशेष रोजगार-सह-मार्गदर्शन शिविर लगाया जाएगा। “निःशक्त जनों के लिए नियोजन सहायता” योजना के तहत यह जॉब कैंप 17 सितंबर 2026 को संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई कैंपस, पन्हास में आयोजित होगा।
इसमें निजी संस्था Youth4jobs Foundation विभिन्न पदों पर दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी।
इन पदों पर मिलेगा रोजगार: शिविर में एसोसिएट हाउसकीपिंग, टेलीकॉर्लिंग एक्जीक्यूटिव, सेलर फीडबैक एक्जीक्यूटिव, कस्टमर कॉलिंग एक्जीक्यूटिव, सेल्समैन, पंप अटेंडेंट, डेटा एंट्री ऑपरेटर, वैन डिलीवरी एक्जीक्यूटिव और प्रोडक्ट पिकर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती के अवसर होंगे।
पद के अनुसार न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं या 12वीं पास रखी गई है। अभ्यर्थियों के लिए बेसिक कंप्यूटर ज्ञान और अच्छे संवाद कौशल को भी जरूरी योग्यता में शामिल किया गया है। आवेदकों की आयु 18 से 35 वर्ष होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 8,000 से 16,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
11 बजे तक पहुंचना जरूरी: जिला नियोजनालय के अनुसार शिविर में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों का National Career Service (NCS) पोर्टल www.ncs.gov.in पर पंजीकरण अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना Resume लेकर 17 सितंबर को सुबह 11 बजे तक जिला नियोजनालय, संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई कैंपस, पन्हास, बेगूसराय पहुंचना होगा।
जिला नियोजनालय ने योग्य दिव्यांगजनों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। यह शिविर दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने के साथ उन्हें करियर के लिए उचित मार्गदर्शन देने का भी अवसर प्रदान करेगा।





Total views : 105978