बेगूसराय। 14 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत और जरूरी सामग्री पहुंचाने के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी ने राहत अभियान तेज किया है। सोमवार को बेगूसराय समाहरणालय परिसर से दो वाहनों में राहत सामग्री मटिहानी क्षेत्र के लिए रवाना की गई। जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, रेड क्रॉस सोसाइटी रिची पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। राहत सामग्री से करीब 500 लोगों को सहायता मिलने की उम्मीद है।
सूखा भोजन और हाइजीन किट बांटे गए:
रेड क्रॉस की ओर से भेजे गए राहत पैकेट में चूड़ा, चीनी सहित अन्य जरूरी खाद्य सामग्री शामिल हैं। इसके साथ ही महिला और पुरुषों के लिए आवश्यक वस्तुओं वाली हाइजीन किट भी वितरित की गई। राहत सामग्री का वितरण मटिहानी प्रखंड के छितरौर, नया गांव, तीनमुहानी सहित अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में किया गया। इसका उद्देश्य प्रभावित परिवारों को भोजन के साथ स्वच्छता और दैनिक जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराना है।
आगे भी जारी रहेगा राहत अभियान: जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में प्रशासन कोई कमी नहीं होने देगा। प्रभावित परिवारों तक समय पर जरूरी सहायता पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के सेवा और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी प्रभावित लोगों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है।
राहत अभियान का नेतृत्व रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष डॉ. नलिनी रंजन सिंह, संरक्षक दिलीप कुमार सिन्हा, ईश्वर अस्पताल के निदेशक डॉ. संजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य कर रहे हैं। डॉ. नलिनी रंजन सिंह ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राहत अभियान आगे भी जारी रहेगा। जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए रेड क्रॉस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करता रहेगा।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता ब्रजकिशोर चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार, कार्यकारिणी सदस्य विश्वरंजन राजू, गणेश हिसारिया सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।






Total views : 106075