बेगूसराय। 13 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिला शतरंज संघ की आम सभा की बैठक में वर्ष 2026-2030 के लिए नई कमिटी का गठन किया गया। बैठक में संजीव कुमार को सर्वसम्मति से सचिव निर्वाचित किया गया। वहीं दीपक कुमार अध्यक्ष और दिवाकर नंदन कोषाध्यक्ष चुने गए। नई कमिटी के गठन से जिले के शतरंज खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
नई कमिटी में इन्हें मिली जिम्मेदारी: नई कमिटी में उपाध्यक्ष के रूप में रबीन्द्र मनोहर, कृष्णमोहन, संदीप कुमार सिन्हा और गैंगश मिश्र को चुना गया। संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी प्रेम कुमार, अर्जुन कुमार, विशाल कुमार और कुंदन कुमार को दी गई।
संघ के संरक्षक के रूप में अरविंद कुमार सिंह, अलख कुमार सिन्हा, समीर कुमार सिन्हा और मनीष कुमार को शामिल किया गया। आम सभा की बैठक की अध्यक्षता बेगूसराय जिला शतरंज संघ के पूर्व उपाध्यक्ष कृष्णमोहन ने की।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की उम्मीद: नई कमिटी के गठन के बाद खिलाड़ियों और शतरंज के शुभचिंतकों को उम्मीद है कि बेगूसराय में फिर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इससे जिले के खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा और खेल के विकास को गति मिलेगी।
संघ के अध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि शतरंज के क्षेत्र में काफी बदलाव आया है। संघ की कोशिश होगी कि जिले के खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशिक्षण से लेकर प्रतियोगिताओं में भागीदारी तक खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
संघ के सचिव संजीव कुमार ने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि शतरंज के क्षेत्र में बेगूसराय का नाम देश और दुनिया में फिर से प्रमुखता से स्थापित हो। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कोषाध्यक्ष दिवाकर नंदन ने बताया कि संघ के प्रत्येक खिलाड़ी का साल में एक बार निबंधन किया जाएगा। सभी खिलाड़ियों के लिए संघ का सदस्य परिचय पत्र लेना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही वे संघ की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।
बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया। नई कमिटी को लेकर जिले के शतरंज खिलाड़ियों में उत्साह है और उन्हें बेगूसराय में शतरंज के नए दौर की उम्मीद है।







Total views : 106072