जयमंगला वाहिनी परिवार द्वारा नौ वर्षों से जारी समरसता धर्म यात्रा, सामाजिक एकता का संदेश
बेगूसराय | 20 अप्रैल 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बाबा परशुराम जयंती के अवसर पर जयमंगला वाहिनी परिवार द्वारा बेगूसराय में भव्य समरसता धर्म यात्रा निकाली गई। पिछले नौ वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही यह 65 किलोमीटर लंबी यात्रा जयमंगला गढ़ मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई, जिसमें करीब 200 बाइक सवार युवाओं ने भाग लिया।

यात्रा के दौरान भगवा ध्वज लहराते हुए युवा विभिन्न मार्गों से गुजरे, जहां जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया। खास बात यह रही कि बनारस से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। वहीं, भक्तिगीतों और जय श्रीराम के नारों के बीच युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा।यह यात्रा मंझौल, मोहनपुर, रजौड़ा, आनंदपुर, सुभाष चौक, हर-हर महादेव चौक, जीरो माइल, बीहट और सिमरिया होते हुए मोकामा स्थित परशुराम मंदिर के राजकीय मेले के लिए रवाना हुई। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और समाजसेवियों द्वारा ठंडा पानी, लस्सी, शरबत और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व महापौर संजय सिंह, समाजसेवी सोनू शंकर और विंग कमांडर रंजीत कुमार ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं, यात्रा के आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2017 से यह यात्रा मिथिला और मगध की सांस्कृतिक एकता को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। जिलाध्यक्ष महेश वत्स ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी सहयोगियों और युवाओं को बधाई दी तथा इसे सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी सुमित कुमार ने कहा कि यह यात्रा मिथिला की संस्कृति को मगध की संस्कृति से जोड़ने का प्रयास है। कार्यक्रम को सफल बनाने में अंचल गौतम, अमृत वत्स, अमन प्रियदर्शी, हरिओम, अभिजीत रंजन, सुमित कुमार, रजनीश सम्राट, अवनीश कुमार, कुणाल भारद्वाज, हरिओम, सुंदरम, सोनू सहित अन्य युवाओं ने अपना योगदान दिया है।







Total views : 81666