भाकपा नेताओं ने सूर्यनारायण सिंह के संघर्षों को याद करते हुए वर्तमान हालात में उनके विचारों को अपनाने पर दिया जोर
बेगूसराय, 20 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) द्वारा सोमवार को जिले भर में पूर्व सांसद कॉ. सूर्यनारायण सिंह की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। बरौनी रिफायनरी टाउनशिप स्थित सूरज भवन और पपरौर के चांद सूरज अस्पताल सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाकपा जिला मंत्री व पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय ने कहा कि सूर्यनारायण सिंह ने बेगूसराय में भूमि सुधार, भूमिहीनों को अधिकार दिलाने, अपराध नियंत्रण, स्थानीय रोजगार और औद्योगिक विकास जैसे ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों में उनके विचारों को अपनाना बेहद जरूरी है।

वहीं, जिला सचिवमंडल सदस्य अमीन हमजा ने कहा कि बेगूसराय को “लेनिनग्राद” और “मिनी मास्को” के रूप में पहचान दिलाने में सूर्यनारायण सिंह के संघर्षों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उधर, पपरौर स्थित चांद सूरज अस्पताल में भी जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें नेताओं ने उनके जीवन और संघर्षों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। विचार गोष्ठी की अध्यक्षता एटक नेता प्रहलाद सिंह कर रहे थे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राम रतन सिंह एवं अन्य नेताओं द्वारा उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। मौके पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला मंत्री अवधेश कुमार रायके अलावा पूर्व विधायक राम रतन सिंह, पार्टी जिला सचिवमंडल सदस्य अमीन हमजा, कार्यकारिणी सदस्य दिलेर अफगन, नवीन सिंह, एआईएसएफ के राज्य सह सचिव राकेश कुमार, एआईवाईएफ के जिला सचिव धीरेंद्र कुमार, एआईएसएफ के राष्ट्रीय परिषद सदस्य कैसर रेहान, रितेश पासवान, सीताराम सिंह, खुर्शीद आलम, जावेद आलम, कामरान सहित दर्जनों पार्टी नेता उपस्थित थे।






Total views : 81681