सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण पर दिया गया जोर।
बेगूसराय | 27 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत समाज और कर्मचारियों के बीच नैतिक मूल्यों एवं सत्यनिष्ठा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में 27 अक्टूबर को माध्यमिक विद्यालय, बारो में ग्राम सभा आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्राम सभा में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि‘ विषय पर चर्चा की गई। इस दौरान जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण के महत्व को रेखांकित किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सत्यनिष्ठा महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
नुक्कड़ नाटक के जरिए भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों पर किया जागरूक: जागरूकता अभियान को प्रभावी और जनसुलभ बनाने के लिए नुक्कड़ नाटक समूह ‘द प्लेयर्स एक्ट’ की ओर से सत्यनिष्ठा विषय पर आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इन नुक्कड़ नाटकों का मंचन माध्यमिक विद्यालय, बारो में आयोजित ग्राम सभा, सीआईएसएफ बैरक और रिफाइनरी के गेट संख्या-1 पर किया गया।नाटक के माध्यम से कलाकारों ने दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों के पालन, भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों तथा ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के लाभों को सहज एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को अपने आचरण में नैतिकता अपनाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
जनभागीदारी से सत्यनिष्ठा का संदेश पहुंचाने की पहल: ग्राम सभा और नुक्कड़ नाटक जैसी जनसहभागिता आधारित गतिविधियों के माध्यम से बरौनी रिफाइनरी ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना रहा कि सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही न केवल व्यक्तिगत जीवन, बल्कि संस्थानों और समाज की समृद्धि के लिए भी आवश्यक हैं।इस पहल के जरिए ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने पर जोर दिया गया।





Total views : 113389