बेगूसराय | 27 अक्टूबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
श्रीकृष्ण महिला महाविद्यालय में संचालित कुशल युवा प्रोग्राम (केवाईपी) में कथित वित्तीय अनियमितता को लेकर मंगलवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) की महिला कॉलेज इकाई ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। संगठन ने केवाईपी संचालक पर लगभग 30 लाख रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। एआईएसएफ की जिला कोषाध्यक्ष एवं महिला कॉलेज नेत्री सानिया परवीन के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने सबसे पहले केवाईपी केंद्र में ताला लगाया। इसके बाद दर्जनों छात्राओं के साथ कॉलेज परिसर में मार्च निकालते हुए प्राचार्य का घेराव किया।
2018 से वित्तीय अनियमितता का आरोप: प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 से ही केवाईपी केंद्र में वित्तीय अनियमितताएं की जा रही थीं। इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कॉलेज प्रशासन ने समय रहते उचित कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि घोटाले का मामला सामने आने और संगठन के आंदोलन शुरू करने के बाद से संचालक के फरार होने की बात सामने आई है।अमीन हमजा ने कहा कि संगठन पिछले कई दिनों से प्राचार्य से संबंधित संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग कर रहा था। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने के कारण छात्राओं को प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ा। उन्होंने मामले में कॉलेज प्रशासन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।
ऐसे में केवाईपी में कथित वित्तीय अनियमितता का मामला गंभीर है। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन: प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने करीब दो घंटे तक प्राचार्य का घेराव किया। संगठन के अनुसार, इसके बाद प्राचार्य ने केवाईपी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई और एक सप्ताह के भीतर कॉलेज परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।एआईएसएफ नेताओं ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर उचित कार्रवाई होने तक संगठन अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेगा। इस प्रदर्शन में सौम्या कुमारी, सृष्टि कुमारी, प्रिया कुमारी, रेशम कुमारी, छात्र नेता रवि भूषण मौर्य, अंकित सिंह माया सहित बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं।






Total views : 113274