बेगूसराय। 2 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान” के अंतर्गत जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ेंगे तो विकसित भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान जनभागीदारी पर आधारित राष्ट्रीय जनआंदोलन है, जिसके तहत अगले 100 सप्ताह तक देशभर के विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार में सामाजिक सुधार की दिशा में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लागू की गई शराबबंदी एक महत्वपूर्ण पहल रही है। वहीं वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजागरूकता, नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों तथा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया तथा स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन “नशा छोड़ो, राष्ट्र जोड़ो”, “नशामुक्त युवा–विकसित भारत” तथा “नशामुक्त बिहार–विकसित भारत” के सामूहिक उद्घोष के साथ हुआ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनीष, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रंजीत कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता, बेगूसराय, जिला खेल पदाधिकारी, बेगूसराय सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।






Total views : 97776