रोमांचक मुकाबले में मुंगेर ने आखिरी गेंद पर दर्ज की जीत, पटना ने मगध को हराकर फाइनल में बनाई जगह
बेगूसराय, 3 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 के सेमीफाइनल मुकाबले में पटना और मुंगेर प्रमंडल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। खिताबी मुकाबला अब पटना और मुंगेर के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में बिहार के सभी प्रमंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
मुंगेर ने आखिरी गेंद पर तिरहुत को हराया
प्रतियोगिता का एक सेमीफाइनल मुकाबला गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में मुंगेर और तिरहुत प्रमंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तिरहुत की टीम 15 ओवर में 118 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। तिरहुत की ओर से सचिन सहनी ने सर्वाधिक 31 रन बनाए।

मुंगेर की ओर से प्रेमकांत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर की टीम ने बेहद रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर जीत दर्ज कर ली। मुंगेर की ओर से प्रेमकांत, सत्यम और उत्कर्ष ने 21-21 रन का योगदान दिया। तिरहुत की ओर से सचिन और आयुष ने 2-2 विकेट लिए।
शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मुंगेर के प्रेमकांत को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने 21 रन बनाने के साथ 3 महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किए।
पटना ने मगध को हराकर फाइनल में बनाई जगह
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला पटना और मगध प्रमंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पटना की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मगध की टीम 15.3 ओवर में महज 80 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

पटना की ओर से दिवाकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं कुमार धीरेंद्र सेन ने भी 3 ओवर में मात्र 9 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
81 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना प्रमंडल की टीम ने 10 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। पटना के कप्तान दिवाकर ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहले मैच में मुंगेर ने कोसी को 18 रन से हराया
प्रतियोगिता के दूसरे दिन का पहला मुकाबला गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में मुंगेर और कोसी प्रमंडल के बीच खेला गया। मैच शुरू होने से पहले जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारना तथा खेल के माध्यम से अनुशासन, एकता और सद्भावना का संदेश देना है। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंगेर की टीम ने 14.5 ओवर में 131 रन बनाए। अवनीश मनोज पोद्दार ने 35 गेंदों पर शानदार 54 रन की पारी खेली। कोसी की ओर से प्रियांशु, ओमकार और कपिलदेव ने 2-2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोसी प्रमंडल की टीम 15 ओवर में 8 विकेट खोकर 113 रन ही बना सकी। इस तरह मुंगेर ने 18 रन से मुकाबला जीत लिया। मुंगेर की ओर से अंकेश यादव ने 3 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट लिए। अवनीश मनोज पोद्दार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
तिरहुत ने दरभंगा को 21 रन से हराया
दूसरा मुकाबला रिफाइनरी स्टेडियम, बेगूसराय में तिरहुत और दरभंगा प्रमंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तिरहुत की टीम ने 16 ओवर में 9 विकेट खोकर 130 रन बनाए। हिमांशु लाल और अभिनव गुप्ता ने 25-25 रन बनाए, जबकि सचिन सहनी ने 16 रनों का योगदान दिया।
दरभंगा की ओर से सुधांशु ने 3 विकेट लिए। वहीं अनिकेत और हासिर निजाम ने 2-2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा की टीम निर्धारित 16 ओवर में 9 विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी। शाश्वत गिरधर वत्स ने सर्वाधिक 48 रन बनाए।
तिरहुत की ओर से मनी कौशल और सचिन सहनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए सचिन सहनी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता के दौरान उद्घोषक एवं मंच संचालन की जिम्मेदारी शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने निभाई। निर्णायक की भूमिका राजीव कुमार मिश्रा (बक्सर) और दीपक कुमार (खगड़िया) ने निभाई। वहीं स्कोरर की भूमिका राम और मंतोष ने संभाली।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया, दीपक, चिरंजीवी, शशिकांत, मणिकांत, ब्रजेश, शुभम और रितेश सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पटना और मुंगेर प्रमंडल के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों की नजरें खिताब पर टिकी हैं।





Total views : 114577