बरौनी रिफाइनरी उपभोक्ता भंडार की आमसभा में सहकारिता को मजबूत बनाने पर जोर, पेट्रोल पंप और एटीएम खोलने की उठी मांग
बेगूसराय। 3 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बरौनी रिफाइनरी उपभोक्ता भंडार लिमिटेड (BRCC) की वार्षिक आमसभा में संस्था की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सहकारिता के मूल सिद्धांतों को मजबूत बनाने के साथ सदस्यों और ग्राहकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
आमसभा को संबोधित करते हुए संस्था के सचिव सायमन मुर्मू ने कहा कि बरौनी रिफाइनरी उपभोक्ता भंडार केवल एक व्यावसायिक संस्था नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, विश्वास और सामूहिक भागीदारी की भावना से संचालित सहकारी संगठन है। इसकी सबसे बड़ी ताकत इसके सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि संस्था की प्रगति का आकलन केवल आर्थिक लाभ से नहीं, बल्कि सदस्यों को मिलने वाली सुविधाओं, सेवाओं की गुणवत्ता और ग्राहकों के विश्वास से भी किया जाना चाहिए।
सायमन मुर्मू ने कहा कि ग्राहकों की संपूर्ण संतुष्टि ही संस्था का मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की बिक्री और बेहतर सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि BRCC हमेशा से स्थायित्व को प्राथमिकता देती रही है। ऑनलाइन मार्केटिंग से बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना करने के लिए उन्होंने कई नवीन सुझाव भी प्रस्तुत किए। इस दौरान उन्होंने संस्था का आय-व्यय विवरण भी आमसभा के समक्ष रखा।
बैठक में पारदर्शिता, जवाबदेही, उपभोक्ता हितों की रक्षा, गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की उपलब्धता और व्यवसाय के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सचिव ने सदस्यों से संस्था के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और बेहतर प्रबंधन से BRCC को और मजबूत एवं उपयोगी बनाया जा सकता है।
इससे पूर्व उद्घाटन संबोधन में बरौनी तेलशोधक मजदूर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रजनीश रंजन ने BRCC के कार्यों की सराहना की। यूनियन के अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। वहीं, कल्याण केंद्र के सचिव भोगेंद्र कुमार कमल ने स्वागत भाषण दिया।
पेट्रोल पंप और एटीएम खोलने की उठी मांग: आमसभा के दौरान सदस्यों ने संस्था के विकास और ग्राहकों की सुविधा को लेकर कई सुझाव दिए। एक सदस्य ने BRCC परिसर में पेट्रोल पंप खोलने का प्रस्ताव रखा, ताकि स्थानीय ग्राहकों को इसका लाभ मिल सके। वहीं, एक अन्य सदस्य ने परिसर में एटीएम खोलने की मांग की। सदस्यों का मानना था कि इन सुविधाओं से उपभोक्ताओं और कर्मचारियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ बरौनी तेलशोधक मजदूर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रजनीश रंजन, अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार, वरीय उपाध्यक्ष संजय प्रसाद सिंह, कल्याण केंद्र के सचिव भोगेंद्र कुमार कमल, BRCC के सचिव सायमन मुर्मू, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार तथा कार्यकारिणी सदस्यों अमित कुमार, अभय कुमार, सचिन वर्मा, विश्वजीत कुमार, निभा कुमारी और उर्मिला देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम का संचालन BRCC कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार ने किया। आमसभा में बरौनी रिफाइनरी के सैकड़ों कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।






Total views : 114586