बेगूसराय | 1 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
कला एवं संस्कृति विभाग, बेगूसराय तथा सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) सह बी.पी. इंटर स्कूल, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में सुरभि रूरल डेवलपमेंट एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित नौ दिवसीय ‘रंग अंकुर’ बाल अभिनय कार्यशाला का शुक्रवार को गरिमापूर्ण वातावरण में समापन हुआ। 23 से 31 जुलाई 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों में अभिनय कौशल, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास करना था।
समापन समारोह में प्रतिभागी बच्चों ने गायन, कविता-पाठ तथा सामाजिक सरोकारों पर आधारित नाटक ‘दोहरे नियम’ का प्रभावशाली मंचन किया। बच्चों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से स्त्री सम्मान, समानता एवं सामाजिक संवेदनशीलता का सशक्त संदेश दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में इतिहासकार भगवान प्रसाद सिन्हा, शिक्षाविद् हरिशंकर सिंह, समाजसेवी दिलीप कुमार सिन्हा, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार साहनी, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षित अभिनेत्री खुशबू कुमारी, अभिनेता एवं निर्देशक तथा कार्यशाला प्रशिक्षक हरीश हरिऔध एवं विद्यालय की प्राचार्या कामनी कुमारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन दीपक कुमार ने किया।
प्राचार्या कामनी कुमारी ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार साहनी ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए भविष्य में इस नाट्य प्रस्तुति को जिले के विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों में मंच उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यशाला प्रशिक्षक हरीश हरिऔध ने बताया कि नौ दिनों के प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को अभिनय, वाणी, मंच अनुशासन, शारीरिक अभिव्यक्ति, समूह कार्य एवं कविता वाचन सहित रंगमंच की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे।






Total views : 97613