बेगूसराय | 30 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज
बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाचक सदानंदपुर में 19 वर्षीय युवक बादल कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मृतक के पिता शिवकुमार के लिखित आवेदन पर बलिया थाना में कांड दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई की रात बादल कुमार साइकिल से छोटी बलिया बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कटहा पुल के समीप उनके साथ मारपीट की घटना हुई। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर लोहे की रॉड एवं धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या की गई।
मृतक के परिजनों ने टुनटुन तांती, रजनीति तांती, सुबोध तांती एवं संतोष तांती को नामजद अभियुक्त बनाया है। पुलिस ने एक संदिग्ध अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि विधिसम्मत अन्य आवश्यक कार्रवाई भी जारी है।







Total views : 97148