बेगूसराय, 30 जुलाई 2026: ई-रिक्शा संघ (ऐक्टू) बेगूसराय के बैनर तले गुरुवार को जिले के सैकड़ों ई-रिक्शा चालकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला समाहरणालय परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को नौ सूत्री मांगपत्र सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। मांगपत्र में आरोप लगाया गया कि नगर निगम द्वारा निर्धारित 1200 रुपये वार्षिक पार्किंग शुल्क के अतिरिक्त कुछ संवेदकों द्वारा 1500 से 2000 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। संघ ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर बैरियर के नाम पर कथित अवैध वसूली बंद कराने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, बदहाल नालों एवं जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान, राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सर्विस लेन का निर्माण तथा ई-रिक्शा परिचालन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की भी मांग उठाई गई।संघ ने यातायात पुलिस, ट्रैफिक पुलिस एवं नगर निगम कर्मियों द्वारा ई-रिक्शा चालकों के कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने, चालकों के लिए सस्ती भोजन व्यवस्था, ड्यूटी के दौरान सुरक्षा की गारंटी तथा नियमित पार्किंग शुल्क लिए जाने के बावजूद प्रमुख स्थानों पर स्थायी ई-रिक्शा स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी।संघ ने जिलाधिकारी से मांगपत्र पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा चालकों की आजीविका, सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रदर्शन में संघ के संरक्षक राजेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष टुनटुन राय, सचिव कन्हैया लाल साह, एक्टू जिला प्रभारी चन्द्रदेव वर्मा, माले नेता नवल किशोर, मो. जमील, मो. फिरोज, उमेश पासवान, सूचित सिंह, सीयाराम कुमार, कृष्णानंदन पुदार, मो. अफिरोज, मो. शहादत, दिलीप साह, अजीत साह, कोषाध्यक्ष बबलू ठाकुर, भीला साह, बिपत साह, दयाराम सहित बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे।







Total views : 97154