बेगूसराय, 30 जुलाई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने गुरुवार को बेगूसराय जिले का दौरा कर समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं और केंद्रों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे के दौरान मंत्री ने सदर ग्रामीण प्रखंड की चिलमिल पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 419, 418, 283 और 308 का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कुछ केंद्र सरकारी भवन, कुछ किराये के भवन तथा एक केंद्र स्वयं के भवन में संचालित पाया गया। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 283 में विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की कमी मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को इसे सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र के अनुरूप विकसित करने और शीघ्र बिजली उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद मंत्री ने एघ्यसराय सदर के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 67 एवं 69 तथा पोखरिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 46 एवं 47 का भी औचक निरीक्षण किया। यहां बच्चों के लिए उपलब्ध स्थान और अन्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पर्याप्त जगह एवं बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में डॉ. श्वेता गुप्ता ने पुलिस लाइन एवं समाहरणालय परिसर स्थित पालना घर का भी जायजा लिया। इसके अलावा रतनपुर स्थित बालिका गृह, शक्ति सदन तथा मटिहानी स्थित बुनियाद केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

क्षेत्र भ्रमण के बाद मंत्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं संस्थानों के संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा लाभार्थियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। दौरे के समापन पर जिला अतिथि गृह, बेगूसराय में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत संरचना, बच्चों को मिलने वाली सेवाओं और विभागीय संस्थानों की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मंत्री के आप्त सचिव सुधांशु शेखर, आईसीडीएस निदेशालय पटना की सहायक निदेशक निरूपा कुमारी सहित समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।







Total views : 97143