बेगूसराय। 14 सितंबर2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत निर्माण कार्यों की जांच तेज कर दी गई है। नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर के निर्देश पर निगम के पदाधिकारियों ने विभिन्न वार्डों में लाभार्थियों के घरों का भौतिक सत्यापन किया। अब तक 214 आवासों की जांच हो चुकी है। इनमें 55 लाभार्थियों से निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
13 वार्डों में हुआ भौतिक सत्यापन:
नगर निगम की टीम ने वार्ड संख्या 01, 02, 03, 07, 08, 11, 17, 19, 29, 41, 43 और 44 के साथ आंशिक रूप से वार्ड 45 में जांच की। जांच के दौरान ऐसे लाभार्थियों को चिन्हित किया गया, जिन्हें आवास निर्माण के लिए राशि मिल चुकी है, लेकिन उन्होंने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया था या काम अधूरा था। ऐसे लाभार्थियों से निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। अब तक 15 आवासों का लिंटर लेवल और 4 आवासों का रूफ लेवल जियोटैग फोटोग्राफ किया गया है। अंतिम किस्त प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों को जल्द आवास निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।
काम शुरू नहीं करने पर होगी राशि वापसी की कार्रवाई:
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी राशि मिलने के बाद निर्माण कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा। राशि प्राप्त करने के बावजूद काम शुरू नहीं करने वाले लाभार्थियों को नोटिस जारी किया गया है। यदि नोटिस के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता है तो राशि की वापसी के लिए संबंधित लाभार्थियों के खिलाफ सर्टिफिकेट केस दायर किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को लाभार्थियों से लगातार संपर्क रखने और निर्माण में आ रही समस्याओं का तत्काल समाधान कराने का निर्देश दिया है। जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को समय पर पक्का और सुरक्षित मकान मिल सके। जांच के दौरान नगर प्रबंधक राजीव रंजन सिंह, अभियंता दुर्गेश कुमार, रामप्रकाश कुमार, दिवाकर कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






Total views : 106122