बेगूसराय। 14 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रीय लोक अदालत में बेगूसराय न्यायमंडल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कोर्ट केसेज के निष्पादन में बेगूसराय ने पूरे बिहार में चौथा स्थान प्राप्त किया है। पटना, मुजफ्फरपुर और गया के बाद बेगूसराय न्यायमंडल राज्य में चौथे स्थान पर रहा। इस उपलब्धि के साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के निपटारे का नया रिकॉर्ड भी बना है।
3,536 कोर्ट केसेज का हुआ निष्पादन: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय के सचिव-सह-अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य ने बताया कि 14 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में बेगूसराय न्यायमंडल में कुल 3,536 कोर्ट केसेज का निष्पादन किया गया।
यह बेगूसराय न्यायमंडल में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान एक ही अवसर पर मामलों के निष्पादन का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। उन्होंने बताया कि न्यायमंडल के इतिहास में एक ही राष्ट्रीय लोक अदालत में इतनी बड़ी संख्या में कोर्ट केसेज के निष्पादन का यह पहला रिकॉर्ड है।
सामूहिक प्रयास से मिली सफलता: सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि इस सफलता में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विभिन्न विभागों, बैंकों, बिजली विभाग, वन विभाग, इंश्योरेंस कंपनियों और अन्य संबंधित संस्थानों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी सक्रिय सहयोग किया।
उन्होंने कहा कि व्यवहार न्यायालय के कर्मियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मियों, अधिवक्ताओं, पीएलवी, मीडिया कर्मियों और अन्य सहयोगियों के समन्वित प्रयास से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हुई।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों, अधिवक्ताओं, पीएलवी, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रभावी समन्वय और सामूहिक प्रयास से बेगूसराय न्यायमंडल ने राष्ट्रीय लोक अदालत में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।






Total views : 106117