सिमरिया धाम में 6000 दीपों से सजेगा गंगा घाट, गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी होगा आयोजन
बेगूसराय, 16 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में जनसेवा, जनभागीदारी और विकास के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर से की जाएगी। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा। अभियान के शुभारंभ को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला पदाधिकारी रिची पांडेय के निर्देश पर जिले के विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों की तैयारी की गई है। संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के बीच जिम्मेदारियों का भी आवंटन किया गया है।
पंचायत से जिला स्तर तक जलेंगे दीप: अभियान के शुभारंभ के अवसर पर 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिले के सभी पंचायत भवन परिसरों, अमृत सरोवरों, बुनियाद केंद्रों, ग्राम संगठन केंद्रों, प्रखंड कार्यालयों और जिला स्तरीय कार्यालयों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इसके साथ ही सरकारी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी शाम 7 बजे दीप जलाए जाएंगे। जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है।
11 प्रमुख स्थलों पर 500-500 दीप प्रज्वलित होंगे: सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ को आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए जिले के 11 प्रमुख एवं प्रतीकात्मक सार्वजनिक स्थलों का चयन किया गया है। इन सभी स्थानों पर शाम 7 बजे 500-500 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इनमें जयमंगला गढ़ (मंझौल), हरिगिरी धाम (गढ़पुरा), नौलखा मंदिर, बाघी ठाकुरबाड़ी, नगर रेलवे ओवरब्रिज, सिमरिया धाम (बरौनी), जीरोमाइल (बरौनी), झमटिया घाट (बछवाड़ा), अंबेदकर चौक (बखरी), गांधी स्टेडियम और एनटीपीसी बरौनी शामिल हैं।
सिमरिया धाम में होगा मुख्य कार्यक्रम: जिला स्तर पर सेवा संकल्प अभियान का मुख्य शुभारंभ कार्यक्रम 17 सितंबर की शाम 7:30 बजे सिमरिया धाम में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संपूर्ण सिमरिया घाट को लगभग 6000 दीपों से सजाया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर दीपों के साथ रंगोली एवं अन्य सजावटी व्यवस्थाएं भी की गई हैं। नमामि गंगे एवं जिला गंगा समिति के तत्वावधान में गंगा आरती का आयोजन होगा। वहीं, जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
ड्रोन से होगी कार्यक्रम की वीडियोग्राफी: सिमरिया धाम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की ड्रोन के माध्यम से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई जाएगी। कार्यक्रम से संबंधित फोटो और वीडियो जिला प्रशासन, बेगूसराय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बीस सूत्री कार्यक्रम के सभी सदस्यों से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जिले में जनसेवा, जनभागीदारी और विकास के प्रति सामूहिक संकल्प को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।






Total views : 106436