बेगूसराय। 19 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में ईवीएम की सुरक्षा और सुरक्षित रख-रखाव को लेकर जिला प्रशासन ने निरीक्षण किया। शनिवार को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय और पुलिस अधीक्षक मनीष ने ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, संरचनात्मक स्थिति और ईवीएम मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण से पहले वेयरहाउस परिसर में तैनात सुरक्षा बलों ने जिला पदाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद डीएम ने वेयरहाउस के अंदर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
CCTV से प्रवेश-निकास तक सुरक्षा व्यवस्था की जांच: निरीक्षण के दौरान परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई। संबंधित अभिलेखों के संधारण की स्थिति की भी समीक्षा हुई।
डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने वेयरहाउस से जुड़े सभी अभिलेखों और लॉग बुक को नियमित रूप से अपडेट रखने का भी निर्देश दिया। इससे जरूरत पड़ने पर संबंधित जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जा सकेगी।
साफ-सफाई और रख-रखाव पर भी जोर: जिला पदाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर की नियमित साफ-सफाई और उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसलिए इसकी सुरक्षा, निगरानी और रख-रखाव में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्धारित सभी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीरता से पालन करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, बेगूसराय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा और रख-रखाव से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।





Total views : 106792