बेगूसराय। 13 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में बाढ़ 2026 के बीच गंगा नदी के जलस्तर में कमी दर्ज की गई है। इससे प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद बढ़ी है। हालांकि जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है। केंद्रीय जल आयोग और आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 13 सितंबर को सुबह 11 बजे गंगा का जलस्तर 42.89 मीटर दर्ज किया गया। जिला प्रशासन की टीमें लगातार राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में जुटी हैं।
269 नावें और 189 सामुदायिक रसोई सक्रिय:
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन, राहत सामग्री पहुंचाने और बचाव कार्य के लिए 269 नावें संचालित हैं। इनमें 23 सरकारी और 246 निजी नावें शामिल हैं। बछवाड़ा, तेघड़ा, मटिहानी और शाम्हो में एसडीआरएफ तथा बलिया में एनडीआरएफ की टीम तैनात है।
प्रभावित लोगों के लिए वर्तमान में 189 सामुदायिक रसोई संचालित हैं। अब तक इनके माध्यम से 10,30,163 मील उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके अलावा 350 ड्राई राशन पैकेट और 34,651 पॉलिथीन शीट वितरित की गई हैं। प्रशासन के पास 41,880 पॉलिथीन शीट सुरक्षित उपलब्ध हैं।
स्वास्थ्य और पशुधन के लिए भी इंतजाम: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 71 मेडिकल कैंप और 4 बोट एम्बुलेंस सक्रिय हैं। अब तक 46,583 लोगों का इलाज किया जा चुका है। पशुओं के लिए जिले में 70 पशु शिविर संचालित किए जा रहे हैं। अब तक 11,737 पशुओं का उपचार हुआ है। पशुपालकों और प्रभावित पशुओं के लिए 1,840.78 क्विंटल पशुचारा वितरित किया जा चुका है।
सभी संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं। प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और भ्रामक या अपुष्ट खबरों से बचने की अपील की है।





Total views : 105981