बेगूसराय | 4 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आने वाले दिनों में उतर बिहार के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, लोगों को अलर्ट भी किया गया है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डा०आर०पी०सी०ए०यू०, पूसा, समस्तीपुर एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 05 से 09 अगस्त तक उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात एवं तेज हवा चलने की संभावना है। वैशाली, मधुबनी, शिवहर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा एवं मुजफ्फरपुर जिलों में 5-7 अगस्त के दौरान मेघगर्जन एवं वज्रपात की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में भी पूरे पूर्वानुमान अवधि के दौरान ऐसी मौसमी परिस्थितियाँ बन सकती हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। 5 अगस्त के आसपास सीवान, शिवहर, सीतामढ़ी तथा पूर्वी एवंपश्चिमी चंपारण के कुछ भागों में भारी वर्षा होने की संभावना है।
बुलेटिन के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। किसानों को मौसम को ध्यान में रखते हुए खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने तथा कृषि कार्य मौसम अनुकूल होने पर ही करने की सलाह दी गई है।
कृषि विशेषज्ञों ने धान में खरपतवार नियंत्रण, खरीफ प्याज की रोपाई, आम एवं केला बागवानी, मशरूम उत्पादन तथा पशुपालन से जुड़े आवश्यक कृषि प्रबंधन उपाय अपनाने की सलाह भी किसानों को दी है, ताकि फसलों और पशुधन पर प्रतिकूल मौसम का प्रभाव कम किया जा सके।








Total views : 98062