नई दिल्ली | 4 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पटना की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम के बाद जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा तथा केंद्रीय पंचायती राज एवं मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद रहे।
मुलाकात के बाद संजय झा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के साथ बिहार एवं पूर्वोत्तर भारत के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। वहीं ललन सिंह ने भी प्रधानमंत्री से हुई इस मुलाकात को आत्मीय एवं महत्वपूर्ण बताते हुए इसकी जानकारी साझा की।
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद बिहार की राजनीति में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। जदयू विधायक अनंत सिंह ने चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो परिणाम अलग हो सकता था। वहीं जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की चुनावी सफलता के बाद राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को लेकर भी अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।
हालांकि, बैठक के संबंध में आधिकारिक रूप से केवल बिहार एवं पूर्वोत्तर भारत के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जानकारी ही साझा की गई है।







Total views : 98089