बेगूसराय। 10 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य किसान सभा ने साम्हो सहित बछवाड़ा से साहेबपुर कमाल तक के बाढ़ प्रभावित इलाकों को बाढ़ आपदा ग्रसित क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। संगठन ने राहत कार्यों के संचालन के लिए सर्वदलीय समिति बनाने की भी मांग उठाई। पावर हाउस रोड स्थित ब्रह्मदेव राय भवन में जिला किसान कौंसिल की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपाध्यक्ष मो. अली अहमद ने की। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई।
बाढ़ राहत में तेजी की मांग: किसान कौंसिल के राज्य उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि साम्हो और मटिहानी प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। कई इलाकों में कटाव की समस्या भी है। नगर निगम के कुछ क्षेत्र भी प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से किसानों की खरीफ फसल को नुकसान हुआ है। लोगों के साथ पशुओं के सामने भी चारा और सुरक्षा की समस्या है। संगठन ने कम्युनिटी किचन, दवा, पशु चारा और अन्य राहत सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध कराने की मांग की।
बीमारी से बचाव की व्यवस्था की मांग: किसान सभा ने बाढ़ का पानी घटने के बाद फैलने वाली गंदगी और दुर्गंध से बचाव के लिए विशेष व्यवस्था की मांग की। संगठन ने बाढ़ जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावित इलाकों में अभियान चलाने की बात कही।
फसल क्षति का मुआवजा देने की मांग: बैठक में ओलावृष्टि से बर्बाद हुई रबी फसल का मुआवजा जल्द किसानों के खातों में भेजने की मांग की गई। संगठन के अनुसार, क्षतिपूर्ति की राशि जिला स्तर पर उपलब्ध है, लेकिन भुगतान में देरी हो रही है। किसान कौंसिल ने बाढ़ से बर्बाद फसल के लिए प्रति एकड़ 20 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग भी रखी।
बाढ़ पीड़ित परिवारों को 20 हजार रुपये देने का प्रस्ताव: राज्य कार्यकारिणी सदस्य रामाशीष राय ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को 20 हजार रुपये प्रति परिवार राहत राशि देने का प्रस्ताव रखा। बाढ़ में जिन लोगों के घर गिर गए हैं, उन्हें दोबारा घर बनाने के लिए पर्याप्त राशि देने की मांग भी की गई।
बैठक में 30 सितंबर को दरभंगा में होने वाले राज्य स्तरीय भूमि अधिकार कन्वेंशन में बेगूसराय से 50 किसानों के प्रतिनिधिमंडल को भेजने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में पशुपति राय, जयगणेश चौरसिया, रामशंकर यादव, दुलिचंद यादव, सुरेन्द्र साह, सूर्य नारायण रजक, रामजी पासवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





Total views : 105550