बेगूसराय। 10 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए साईं की रसोई ने राहत अभियान चलाया। गुरुवार को टीम नाव के जरिए बलिया प्रखंड के शिवनगर पहुंची और जरूरतमंद परिवारों के बीच सूखा राशन व जरूरी सामान के पैकेट वितरित किए।
राहत पैकेट में चूड़ा, शक्कर, बिस्किट, दालमोट, मोमबत्ती और माचिस समेत अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी। बाढ़ के कारण आवागमन प्रभावित होने के बावजूद टीम ने नाव के जरिए लोगों तक राहत पहुंचाई।
‘कोई भूखा न सोए’ का प्रयास: साईं की रसोई के खाद्य मंत्री पंकज कुमार ने कहा कि संस्था हर मुश्किल समय में जरूरतमंदों के साथ खड़ी रही है। बाढ़ की इस आपदा में भी प्रयास है कि कोई व्यक्ति भूखा न सोए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार राहत सामग्री पहुंचाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
टीम के सदस्यों ने निभाई भूमिका: राहत वितरण अभियान में साईं की रसोई के रौनक अग्रवाल, नितेश रंजन, शंकर कुमार और शैलेन्द्र कुमार के साथ बलिया के सामाजिक कार्यकर्ता बलवंत कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राहत सामग्री मिलने पर शिवनगर के ग्रामीणों ने टीम के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि बाढ़ के कारण रोजमर्रा की जरूरतों का सामान जुटाना मुश्किल हो गया है। ऐसे समय में राहत सामग्री लेकर उनके बीच पहुंचना सराहनीय पहल है।





Total views : 105475