बेगूसराय, 22 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के कर्मचारी भवन स्थित कर्मयोगी सभागार में बुधवार को बिहार राज्य किसान सभा, सीटू (CITU) और बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन की जिला इकाइयों की ओर से किसान-मजदूर सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता किसान काउंसिल के जिला अध्यक्ष सुरेश यादव, खेतिहर मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष रामविलास सिंह तथा सीटू के जिला उपाध्यक्ष रामबालक सहनी की तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडली ने संयुक्त रूप से की।

10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान:
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए बिहार राज्य किसान सभा के पूर्व राज्य अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की किसान, मजदूर तथा आम जनता से जुड़ी नीतियों के विरोध में 10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमले, निजीकरण, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठाते हुए आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन देने की अपील की।
कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित:
किसान काउंसिल के जिला सचिव दयानिधि चौधरी ने सम्मेलन में प्रस्ताव रखते हुए दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त के आंदोलन में भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता, चार श्रम संहिताएं, नई कृषि विपणन नीति, बीज विधेयक, बिजली के निजीकरण, प्रीपेड स्मार्ट मीटर, एमएसपी की कानूनी गारंटी, भूमि अधिग्रहण, खाद-बीज की किल्लत, जमाबंदी में कथित अनियमितताओं, वृद्धावस्था पेंशन और राशन कार्ड से नाम हटाने सहित कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
मजदूरों के अधिकार और सामाजिक सुरक्षा की मांग: सीटू के जिला सचिव अंजनी कुमार सिंह ने चार श्रम संहिताओं का विरोध करते हुए मजदूरों के हड़ताल के अधिकार, न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा की मांग की। उन्होंने आंगनबाड़ी, आशा कर्मियों, ठेका एवं संविदा कर्मचारियों के स्थायीकरण की भी मांग उठाई।
भूमि, मनरेगा और पुनर्वास के मुद्दे भी उठे: बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन के जिला संयुक्त सचिव सूर्य नारायण रजक ने मनरेगा को पुराने स्वरूप में लागू करने, भूमिहीन परिवारों को आवासीय जमीन उपलब्ध कराने, विस्थापितों के पुनर्वास, जमाबंदी में कथित गड़बड़ियों पर रोक लगाने तथा गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
कई नेताओं ने किया संबोधित: सम्मेलन को कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय नेता शशिकांत राय, रिफाइनरी ठेका मजदूर नेता लालाबाबू यादव, किसान सभा के संयुक्त सचिव रामाशीष राय तथा कर्मचारी महासंघ के जिला सचिव मोहन मुरारी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाकर 10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।






Total views : 96144