बेगूसराय, 21 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के कराटे खिलाड़ियों ने 9वीं राज्यस्तरीय सब-जूनियर एवं जूनियर कराटे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे बिहार में गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में जिला कराटे संघ, बेगूसराय की टीम ने 3 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर शानदार सफलता हासिल की। अरोड़ा हाउस विवाह भवन में आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिला कराटे संघ, बेगूसराय के बैनर तले 20 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

तीन खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक: प्रतियोगिता में शिवानी कुमारी, मुस्कान कुमारी और अंजलि भारतीय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं आयुषी भारतीय ने रजत पदक अपने नाम कर बेगूसराय का मान बढ़ाया। स्वर्ण पदक विजेता शिवानी कुमारी, मुस्कान कुमारी एवं अंजलि भारतीय का चयन वर्ष 2026 की राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कोलकाता जाएंगी खिलाड़ी: जिला कराटे संघ, बेगूसराय के महासचिव सह राष्ट्रीय कोच गोविन्द कुमार ने बताया कि ट्रेडिशनल कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में चयनित स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय स्तरीय कराटे प्रतियोगिता-2026 में भाग लेने के लिए कोलकाता भेजा जाएगा।
कई जिलों के खिलाड़ियों ने लिया भाग: इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेगूसराय, पटना, वैशाली, भागलपुर, समस्तीपुर, सारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, खगड़िया और बांका सहित कई जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।इस अवसर पर पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष सिंह, ट्रेडिशनल कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष अमित कुमार, महासचिव कौशल कुमार सिंह तथा टूर्नामेंट सचिव अमित कुमार सोनी ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत: प्रतियोगिता से लौटने पर बेगूसराय के खिलाड़ियों का जिला कराटे संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार सिन्हा, कोच जीवेश कुमार, डायनामिक एनजीओ की अध्यक्ष शीलू कुमारी तथा अचीवर्स के निदेशक गोपाल कुमार ने गर्मजोशी से स्वागत किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।







Total views : 96077