माउंट लिट्रा में गूंजा हिंदी का गौरव
बेगूसराय। 14 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
हिंदी दिवस पर माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल में सोमवार को हिंदी दिवस उत्साह और रचनात्मकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, उसकी समृद्ध परंपरा और भारतीय संस्कृति से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में बच्चों ने भाषण, कविता, स्किट, वाद-विवाद, कवि सम्मेलन और मॉडल प्रेजेंटेशन के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कविता से वाद-विवाद तक दिखी बच्चों की प्रतिभा:
कार्यक्रम की शुरुआत भूमि और कृति के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद अमित सर के निर्देशन में Choir Group ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। नन्हे विद्यार्थियों ने ‘स्वरवर्ण’ कविता की सुंदर प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व और दैनिक जीवन में इसके प्रयोग पर भाषण दिए। हिंदी दिवस के महत्व पर आधारित स्किट, बुक प्रेजेंटेशन और मॉडल प्रेजेंटेशन ने बच्चों की रचनात्मकता को सामने रखा।
कक्षा 6 Teddy की कनक ने भाषण प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा 9 Jerry के विद्यार्थियों ने वाद-विवाद के माध्यम से हिंदी भाषा से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। इसके बाद कवि सम्मेलन और कक्षा 10 के विद्यार्थियों की Role Play Skit ने कार्यक्रम को और रोचक बना दिया।
हिंदी से जुड़ाव और आत्मविश्वास का संदेश: पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि हिंदी केवल एक भाषा या विषय नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, भावनाओं और विचारों की अभिव्यक्ति का माध्यम है। बच्चों की प्रस्तुतियों में भाषा के प्रति सम्मान, आत्मविश्वास और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव साफ दिखाई दिया।
प्रधानाचार्या डॉ. शीतल अग्रवाल ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान और भावनाओं की भाषा है। बच्चों को हिंदी के प्रति सम्मान और इसके सही प्रयोग के लिए प्रेरित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों की आत्मविश्वासपूर्ण और रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की।
विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष देवा ने कहा कि भाषा हमें अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ती है। हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों की अलग-अलग प्रस्तुतियों ने दिखाया कि बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने पर सीखना और भी सुंदर हो जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी हिंदी सहित सभी भाषाओं का सम्मान करें और अपनी बात आत्मविश्वास के साथ रखें।
कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ। हिंदी दिवस के आयोजन ने विद्यार्थियों में भाषा के प्रति सम्मान, अभिव्यक्ति का आत्मविश्वास और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ाव को और मजबूत किया।







Total views : 106076