बेगूसराय, 11 जुलाई। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, बेगूसराय के विद्यार्थियों ने बेगूसराय रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जनसंख्या संतुलन, शिक्षा और जागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया। इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम “आज और भविष्य के लिए युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना” रही।’

छोटा परिवार, खुशियों का आधार’ का दिया संदेश: कक्षा 3 से 7 तक के विद्यार्थियों ने अभिनय, संवाद और गीतों के माध्यम से लोगों को “छोटा परिवार, खुशियों का आधार” का संदेश दिया। बच्चों ने बताया कि छोटा और शिक्षित परिवार बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। उन्होंने संतुलित जनसंख्या को विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए आवश्यक बताया।

रेलवे स्टेशन पर लोगों ने सराही प्रस्तुति: नुक्कड़ नाटक के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से नाटक की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने भी बच्चों के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल समय-समय पर रेलवे परिसर में सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर सकारात्मक संदेश देने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की सीख: विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीतल ने कहा कि आज के युवा ही देश का भविष्य हैं। यदि उन्हें सही शिक्षा, अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे एक जागरूक, स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से समाज को एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक संदेश दिया है।विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष देवा ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब विद्यार्थी समाज के बीच जाकर सकारात्मक बदलाव का संदेश दें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने जिम्मेदार परिवार, बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का संदेश देकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट परिचय दिया है।
शिक्षकों का रहा महत्वपूर्ण योगदान: नुक्कड़ नाटक के निर्देशक सचिन सर ने बताया कि इस प्रस्तुति का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे बचपन से ही सामाजिक विषयों को समझेंगे, तो वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में नृत्य शिक्षक आकाश सर और संगीत शिक्षक अमित किशोर सर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।विद्यार्थियों की यह प्रस्तुति उपस्थित लोगों के लिए केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिम्मेदार परिवार, शिक्षित समाज और संतुलित जनसंख्या के महत्व को समझाने वाली प्रेरणादायक पहल साबित हुई।






Total views : 94166