बेगूसराय | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। 21 अप्रैल 2026
अंबेडकर जयंती सप्ताह पर सेमिनार का आयोजन: बेगूसराय में दलित शोषण मुक्ति मंच, जिला इकाई की ओर से संविधान-निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती सप्ताह के अवसर पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के कर्मयोगी सभागार में संपन्न हुआ। सेमिनार का विषय था— “वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियाँ एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार”। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के कार्यकारी जिला अध्यक्ष रामजी पासवान ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सूर्यनारायण रजक ने किया। शुरुआत जनवादी गीत और कविता पाठ से हुई, जिसने कार्यक्रम को वैचारिक ऊर्जा प्रदान की।
सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष की जरूरत पर जोर : सीपीआई(एम) बिहार के राज्य सचिव कॉमरेड ललन चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर सामाजिक न्याय के अथक योद्धा थे। उन्होंने समाज के वंचित तबकों को मुख्यधारा में लाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में संविधान की मूल भावना के खिलाफ साजिशें हो रही हैं। ऐसे हालात में मजदूरों, किसानों, युवाओं और महिलाओं की एकजुटता और संघर्ष को मजबूत करना जरूरी है।
बाबा साहेब के विचार आज भी प्रासंगिक: बादल सरोज: सेमिनार के मुख्य वक्ता और अखिल भारतीय किसान सभा के संयुक्त महासचिव कॉमरेड बादल सरोज ने कहा कि बाबा साहेब स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित समाज के समर्थक थे। उन्होंने भारत की सामाजिक और आर्थिक असमानता को खत्म करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां अनेक भाषाएं और संस्कृतियां हैं। ऐसे में एक समावेशी समाज की जरूरत और भी बढ़ जाती है। उन्होंने बाबा साहेब के विचारों को आज के दौर में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
सरकारी नीतियों पर उठाए सवाल: बादल सरोज ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने नोटबंदी, जीएसटी, शिक्षा के निजीकरण और सरकारी संस्थानों के बंद होने को संविधान की भावना के खिलाफ बताया। उनका कहना था कि बाबा साहेब के विचारों को लागू करने के लिए व्यापक जनसंघर्ष की आवश्यकता है।
कई नेताओं और बुद्धिजीवियों ने रखे विचार: सेमिनार को पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह, शशिकांत राय, सुरेश यादव, सुरेश पासवान समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में कर्मचारी महासंघ के जिला सचिव मुरारी मोहन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मोहम्मद अली, डॉ. आसिफ अली, अजय यादव, उमेश कुंवर, रामानंद सागर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।







Total views : 81945