बेगूसराय, 25 जुलाई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बेगूसराय में जिला युवा कांग्रेस के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। जुलूस के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया, राहगीरों को भी गुलाल लगाकर बधाई दी तथा शहर के विभिन्न मार्गों पर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस का यह विजय जुलूस ट्रैफिक चौक, जिला परिषद मार्केट, अंबेडकर चौक और कचहरी रोड से होकर गुजरा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र की जीत हुई, अहंकार की हार हुई” जैसे नारे लगाए। मीडिया से बातचीत करते हुए जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि पिछले 35 दिनों से देशभर में छात्र आंदोलन चल रहा था और छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के दबाव और छात्र आंदोलन के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। वहीं कांग्रेस नेताओं रामानंद सिंह, रणजीत कुमार मुखिया और ब्रजेश कुमार प्रिंस ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से देश की जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल रही है और जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब दे रही है। युवा कांग्रेस ने जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की भूमिका की भी सराहना की। विजय जुलूस में राहुल कुमार, रामानंद सिंह, रणजीत कुमार मुखिया, ब्रजेश कुमार प्रिंस, मुकेश कुमार मेंडिस, दिनकर कुमार, सूरज कुमार, प्रशांत कुमार, नीरज, हिमांशु कुमार, प्रांशु, रवि कुमार, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।







Total views : 96499