बेगूसराय। 15 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार के तहत राज्य सरकार द्वारा 211 नव स्थापित डिग्री महाविद्यालयों के उद्घाटन का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने स्वागत करते हुए इसे संगठन के वर्षों के संघर्ष और आंदोलन का परिणाम बताया है।एबीवीपी बिहार प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि परिषद लंबे समय से ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग करती रही है, ताकि 12वीं के बाद छात्रों, विशेषकर छात्राओं, को उच्च शिक्षा के लिए पलायन न करना पड़े। प्रदेश कार्यकारी परिषद के विशेष आमंत्रित सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि 211 कॉलेजों का उद्घाटन एबीवीपी के आंदोलन, हस्ताक्षर अभियान और ज्ञापनों की जीत है, जिससे हजारों विद्यार्थियों को अपने जिले में ही सस्ती और सुलभ उच्च शिक्षा मिलेगी।छात्र नेता कमल कश्यप एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजीत कुमार ने मांग की कि केवल उद्घाटन तक सीमित न रहकर सभी कॉलेजों में शीघ्र प्राचार्य, विषयवार सहायक प्राध्यापक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि पठन-पाठन समय पर शुरू हो सके।नगर मंत्री सिद्धार्थ कुमार एवं जिला मीडिया संयोजक अमन कुमार ने प्रत्येक कॉलेज में पर्याप्त कक्ष, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। सोशल मीडिया सहसंयोजक मनीष कुमार एवं नगर सह मंत्री प्रहलाद कुमार ने कहा कि जो कॉलेज फिलहाल अन्य संस्थानों में संचालित हो रहे हैं, उनके लिए शीघ्र स्थायी भवन का निर्माण कराया जाए। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लकी गौतम, नगर सह मंत्री नैना गुप्ता एवं संगीता कुमारी ने रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू करने तथा छात्राओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं जीडी कॉलेज इकाई अध्यक्ष अभिषेक कुमार एवं कोऑपरेटिव कॉलेज इकाई अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि यह पहल बिहार में उच्च शिक्षा की सकल नामांकन दर बढ़ाने और ग्रामीण छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगी। एबीवीपी ने सरकार से मांग की कि नव स्थापित सभी 211 महाविद्यालयों में अपना भवन, शैक्षणिक संसाधन और आवश्यक मानवबल जल्द उपलब्ध कराया जाए। परिषद ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर संगठन पुनः आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।






Total views : 94915