अंडर-13 बालक युगल वर्ग के फाइनल में पटना की जोड़ी से मिली हार, जिले का बढ़ाया मान ।
बेगूसराय, 29 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में आयोजित बिहार स्टेट सब जूनियर (अंडर-13 एवं अंडर-15) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में बेगूसराय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिले के अक्षज भारती एवं नवनीत कुमार ने अंडर-13 बालक युगल वर्ग में उपविजेता का खिताब हासिल कर बेगूसराय का नाम रोशन किया। 28 अक्टूबर को जारी आधिकारिक परिणाम के अनुसार, फाइनल मुकाबले में बेगूसराय की जोड़ी का सामना पटना के अमुल कुमार एवं किशलय कुमार की जोड़ी से हुआ। कड़े मुकाबले के बाद अक्षज भारती और नवनीत कुमार को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा।
अन्य वर्गों में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम: प्रतियोगिता के अंडर-13 बालक एकल वर्ग में पटना के अमुल कुमार विजेता बने, जबकि किशलय कुमार उपविजेता रहे। वहीं, अंडर-13 बालिका एकल वर्ग में मुजफ्फरपुर की सेजल सिंह ने पटना की इशनवी सिंह को हराकर खिताब अपने नाम किया। इसी तरह, अंडर-15 बालक एकल वर्ग में मुंगेर के अशदुल्लाह विजेता तथा मुजफ्फरपुर के प्रांजल वीर उपविजेता बने। अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में मुजफ्फरपुर की सेजल सिंह ने गया की नेहा कुमारी को पराजित कर खिताब जीता। अंडर-15 बालक युगल वर्ग में मुंगेर के अशदुल्लाह और मुजफ्फरपुर के प्रांजल वीर की जोड़ी विजेता रही, जबकि पूर्णिया के अथर्व एवं ऋषभ पटेल की जोड़ी उपविजेता बनी। जिला बैडमिंटन संघ ने दी बधाई: अक्षज भारती और नवनीत कुमार की इस उपलब्धि पर बेगूसराय जिला बैडमिंटन संघ ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संघ ने उम्मीद जताई कि बेगूसराय के खिलाड़ी आने वाले समय में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित करेंगे। दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने और खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।





Total views : 113730