राज्य में 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों का हुआ शुभारंभ, बेगूसराय के 10 कॉलेजों में भी शुरू हुई पढ़ाई, महाजी (मटिहानी) में हुआ लाइव प्रसारण।
बेगूसराय | 15 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री ने भागलपुर से रिमोट के माध्यम से राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। इसी क्रम में बेगूसराय जिले के 10 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी नए शैक्षणिक सत्र की विधिवत शुरुआत हुई। इस अवसर पर उत्क्रमित +2 माध्यमिक विद्यालय, महाजी (मटिहानी) में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर इस ऐतिहासिक पहल के साक्षी बने।

जिला पदाधिकारी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि: कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, विधान पार्षद सर्वेश कुमार सिंह, पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि जिले में 10 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का संचालन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
युवाओं के भविष्य को मिलेगी नई दिशा: जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होती है। नए महाविद्यालय न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास में सहायक होंगे, बल्कि जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया।






Total views : 94898