बेगूसराय | 15 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए बेगूसराय पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जिले के मंसूरचक, बलिया और रिफाइनरी थाना क्षेत्रों में गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 417.56 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक मामले में मुख्य तस्कर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सभी मामलों में उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
मंसूरचक थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर गोविंदपुर कोठी निवासी मनोज पासवान को उसके घर से 67.5 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं बलिया थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में की गई कार्रवाई के दौरान गिरीश महतो के भूसा घर से विभिन्न ब्रांड की 315.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इधर रिफाइनरी थाना पुलिस ने मद्य निषेध, पटना से प्राप्त सूचना के आधार पर हरपुर हाई स्कूल के पीछे खड़ी स्विफ्ट कार की तलाशी ली, जिसमें से 34.56 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। बेगूसराय पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि शराबबंदी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।







Total views : 94902