बेगूसराय जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 में सुलोचना सामाजिक संस्थान के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सामूहिक लोक नृत्य प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ ही संस्थान की टीम ने राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।प्रतियोगिता के दौरान संस्थान के कलाकारों ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से निर्णायकों एवं दर्शकों का दिल जीत लिया। लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और युवा जोश से भरपूर इस प्रस्तुति ने बिहार की समृद्ध लोक परंपराओं को मंच पर जीवंत करने का प्रयास किया। नृत्य के माध्यम से कलाकारों ने बिहार की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।
इस नृत्य प्रस्तुति का निर्देशन प्रीति कुमारी ने किया, जबकि कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी श्रेयश कुमार ने निभाई। नृत्य प्रस्तुति में श्रेयश कुमार, शिवानी कुमारी, दीपिका कुमारी, छोटी कुमारी और अभिनाश कुमार ने शानदार तालमेल के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं, गायन में रिया झा, नीलेश कुमार, बिट्टू कुमार और सुबोध कुमार ने अपनी मधुर आवाज से प्रस्तुति को और आकर्षक बना दिया। इस सफलता पर संस्थान के सचिव रवींद्र मनोहर ने सभी कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, लगन और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संस्थान भविष्य में भी नृत्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में इसी तरह निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
वहीं, संस्थान के संरक्षक श्री इन्द्र मोहन प्रसाद ने सभी कलाकारों एवं सदस्यों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित टीम को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। जिला स्तरीय युवा उत्सव में मिली यह सफलता सुलोचना सामाजिक संस्थान के कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब सभी की निगाहें राज्य स्तरीय युवा उत्सव पर टिकी हैं, जहां संस्थान के कलाकार अपनी प्रतिभा के माध्यम से बेगूसराय की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।