पटना | 25 जून 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पटना जिले में फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है। खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन पटना द्वारा जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल चयन प्रतियोगिता का आयोजन 27 जून 2026 को पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में किया जाएगा। इस चयन प्रतियोगिता के माध्यम से चुनी गई टीमें जुलाई में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पटना जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी विद्यालय टीमों के लिए www.subrotocup.in पर पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है। चयन प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, विद्यालय पहचान पत्र तथा निर्धारित प्रारूप में योग्यता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।उन्होंने बताया कि अंडर-15 वर्ग के खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2012 या उसके बाद तथा अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2010 या उसके बाद होनी चाहिए। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी एक ही विद्यालय के छात्र होने चाहिए।
जिला खेल पदाधिकारी ने जानकारी दी कि राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। इसमें अंडर-15 बालक वर्ग की प्रतियोगिता मुंगेर, अंडर-17 बालक वर्ग की प्रतियोगिता किशनगंज तथा अंडर-17 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता समस्तीपुर में आयोजित होगी।खेल विभाग ने जिले के सभी विद्यालयों से समय पर पंजीकरण कराकर अपनी टीमों को चयन प्रतियोगिता में शामिल कराने की अपील की है।







Total views : 92095