शेखपुरा। 25 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के p-MPSE (Programmatic Mapping and Population Size Estimation) कार्यक्रम के तहत गुरुवार को शेखपुरा में समुदाय सलाहकार समिति (CAB) की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार ने की, जबकि आयोजन लक्षित हस्तक्षेप परियोजना ‘परिधि भारती’ के सहयोग से संपन्न हुआ।
बैठक में जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सतीश चंद्र बोस ने कहा कि एचआईवी जागरूकता, नियंत्रण और संक्रमित व्यक्तियों की पहचान के लिए उन क्षेत्रों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है, जहां संक्रमण की संभावना अधिक है। उन्होंने कहा कि उच्च जोखिम समूहों और उनके हॉटस्पॉट की सटीक जानकारी एचआईवी रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों तथा पर्व-त्योहारों के अवसर पर विशेष जांच शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा सकती है।
जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई (DAPCU), लखीसराय के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और UNAIDS ने महिला यौनकर्मियों, पुरुषों के साथ यौन संबंध रखने वाले पुरुषों (MSM), नशीली दवाओं का इंजेक्शन लेने वाले व्यक्तियों (IDU), ट्रांसजेंडर समुदाय तथा यौनकर्मियों के ग्राहकों जैसे उच्च जोखिम समूहों की संख्या का अनुमान लगाने की अनुशंसा की है। इससे नीति निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण और लक्षित हस्तक्षेप कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि p-MPSE एक व्यवस्थित प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से उन स्थानों और हॉटस्पॉट की पहचान की जाती है, जहां उच्च जोखिम समुदाय के लोग एकत्रित होते हैं। यह पद्धति प्रभावी कार्यक्रम क्रियान्वयन के लिए वैश्विक स्तर पर स्वीकृत और अनुशंसित है।
परिधि भारती के कार्यपालक निदेशक (मानद) इं. कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम (NACP) के तहत उच्च जोखिम समूहों के आकार का समय-समय पर आकलन करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 से 2022 के बीच देश के 651 जिलों में p-MPSE का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा किया गया था, जिससे उच्च जोखिम समुदायों की वास्तविक संख्या का आकलन संभव हुआ और कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में सहायता मिली।
बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई, शेखपुरा के सहायक निदेशक ने आश्वासन दिया कि एचआईवी प्रभावित बच्चों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, विशेषकर परवरिश योजना का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी।बैठक में सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार, जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सतीश चंद्र बोस, आईसीटीसी परामर्शी सुनीता कुमारी, एसटीआई क्लिनिक परामर्शी आनंद, प्रिजन कोऑर्डिनेटर रविश कुमार तथा परिधि भारती के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।







Total views : 92095