बलिया और तेघड़ा अनुमंडल के विभिन्न घाटों का लिया जायजा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी और मेडिकल सुविधा सुनिश्चित करने का आदेश
बेगूसराय, 05 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक मनीष ने बलिया अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मुंगेर घाट, मल्हीपुर घाट, चेचियाही बांध घाट, चमड़िया घाट सहित अन्य छठ घाटों का जायजा लिया। डीएम ने घाटों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जरूरत के अनुसार मेडिकल टीम एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा।
डीएम ने भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के आने-जाने की सुविधा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
नाव परिचालन में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य: नावों के परिचालन को लेकर जिला पदाधिकारी ने निर्धारित एसओपी का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में नावों पर निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को सवार नहीं कराया जाए। नावों पर सुरक्षा के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इससे पहले 04 नवंबर की संध्या को डीएम एवं एसपी ने तेघड़ा अनुमंडल क्षेत्र के बोल्डर घाट, अयोध्या घाट सहित अन्य छठ घाटों का निरीक्षण किया था। वहां भी साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई थी।
निरीक्षण के दौरान डीएम रिची पांडेय ने कहा कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और पर्व के दौरान घाटों पर लगातार निगरानी बनाए रखें।
मौके पर पुलिस अधीक्षक मनीष, बलिया के अनुमंडल पदाधिकारी अजय यादव सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।






Total views : 115170