मधुबनी घटना को लेकर बोले प्रशांत किशोर– इंसाफ की लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है जन सुराज, भाजपा में शामिल हुए निर्दलीय MLC की सदस्यता जाने का भी किया दावा
बेगूसराय, 4 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
शहर के दिनकर भवन में बुधवार को जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मौजूदगी में पार्टी के नवनियुक्त जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और जन सुराज के विचारों एवं प्रयासों को घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने मधुबनी में हुई घटना को लेकर कहा कि इंसाफ की लड़ाई में जन सुराज पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद जन सुराज की जिला इकाई के नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। प्रशासन से कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम और धरना-प्रदर्शन के माध्यम से दबाव बनाया गया।
उन्होंने कहा कि जन सुराज का राज्यस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी घटनास्थल पर पहुंचा है। प्रतिनिधिमंडल की रिपोर्ट मिलने के बाद पार्टी इंसाफ के लिए जरूरी कदम उठाएगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि प्रथम दृष्टया घटना गलत प्रतीत होती है। जिस एएसआई पर गोली चलाने का आरोप है, उस पर हत्या का मुकदमा दर्ज होता है या नहीं और प्रशासन की भूमिका क्या रहती है, इन सभी पहलुओं पर अगले एक-दो दिनों में नजर रखी जाएगी।
भाजपा में शामिल हुए निर्दलीय MLC पर साधा निशाना
प्रशांत किशोर ने भाजपा में शामिल हुए निर्दलीय विधान परिषद सदस्य (MLC) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें लगता है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण उनकी सदस्यता बच जाएगी, तो यह उनकी गलतफहमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित MLC ने गैर-संवैधानिक काम और नियमों का उल्लंघन किया है, इसलिए उन्हें इसकी सजा भुगतनी पड़ेगी। कोई भी व्यक्ति संविधान और कानून से ऊपर नहीं है।
उन्होंने बताया कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी आफाक अहमद और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी विमोहन विधान परिषद के सभापति के समक्ष याचिका भी दाखिल करेंगे।
मुख्यमंत्री पर भी प्रशांत किशोर ने कसा तंज
मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि हर पांच-दस दिन में अपने बयानों और कामों से जनता को हंसने का अवसर दे देते हैं। उन्होंने एफिडेविट, पीएफसी कोर्स, फिजिक्स की यूनिवर्सिटी और अपराध से जुड़े बयानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब सातवीं फेल व्यक्ति को नेता बनाया जाएगा, तो उनसे ऐसे ही बयानों की अपेक्षा की जा सकती है।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जोनल संगठन प्रभारी संजय सिंह, जोनल मीडिया प्रभारी अजीत गौतम, महासचिव संजय गौतम, जोनल युवा प्रभारी कुमार गौतम, जिला अध्यक्ष सोनू सिंह, डॉ. मृत्युंजय कुमार, डॉ. हेमंत कुमार, डॉ. रंजन चौधरी, जिला प्रवक्ता (महिला) रूपम कुमारी, जिला प्रवक्ता प्रमोद पाठक, नीलकमल निशांत एवं योगाचार्य रंजीत सहित जन सुराज के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






Total views : 114731