IMA प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी ऋची पांडेय को सौंपा ज्ञापन, 44 साल से लंबित अस्पताल निर्माण का मामला उठाया
बेगूसराय, 05 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), बेगूसराय के प्रतिनिधिमंडल एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों ने गुरुवार को जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, बेगूसराय ऋची पांडेय से मुलाकात कर विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने रेडक्रॉस सोसाइटी का शीघ्र लोकतांत्रिक चुनाव कराने तथा मणियप्पा स्थित रेडक्रॉस की जमीन पर वर्षों से लंबित जच्चा-बच्चा अस्पताल का निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि रेडक्रॉस सोसाइटी, बेगूसराय में पिछले कई वर्षों से विधिवत लोकतांत्रिक चुनाव नहीं हुआ है। 8 सितंबर 2026 को तत्कालीन जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने चुनाव कराने की घोषणा की थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से चुनाव स्थगित कर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि चुनाव की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाए, ताकि संस्था में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल हो सके और सदस्यों की सहभागिता से इसका संचालन सुनिश्चित हो।
इस संबंध में ज्ञापन की एक प्रति बिहार के राज्यपाल को भी भेजी गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने मणियप्पा स्थित रेडक्रॉस की जमीन पर मातृत्व एवं शिशु कल्याण केंद्र (जच्चा-बच्चा अस्पताल) के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। IMA बेगूसराय के सचिव एवं रेडक्रॉस के लाइफ मेंबर डॉ. पंकज कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके दादाजी स्वर्गीय रामचंदर सिंह ने वर्ष 1982 में जच्चा-बच्चा अस्पताल निर्माण के उद्देश्य से रेडक्रॉस को जमीन दान की थी। लेकिन करीब 44 वर्ष बीत जाने के बाद भी इस जमीन पर अस्पताल का निर्माण नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि जमीन दान करने का मूल उद्देश्य माताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। ऐसे में इस जनकल्याणकारी उद्देश्य को अब और विलंब किए बिना पूरा किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ऋची पांडेय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और दोनों मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक बुलाई जाएगी तथा पूरे मामले का यथाशीघ्र समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन की पहल से रेडक्रॉस सोसाइटी में जल्द चुनाव होगा और मणियप्पा की दान की गई जमीन पर जच्चा-बच्चा अस्पताल का निर्माण कर वर्षों पुराने जनकल्याणकारी संकल्प को पूरा किया जाएगा।






Total views : 115032