MLC सुरेश राय ने दीप प्रज्वलित कर किया समारोह का शुभारंभ, बीके कंचन दीदी ने बताया दीपावली का आध्यात्मिक रहस्य
बेगूसराय। 5 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रभु पसंद भवन, पिपरा, बेगूसराय में अलौकिक दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में बेगूसराय के नवनिर्वाचित विधान पार्षद (MLC) सुरेश राय ने विशेष रूप से उपस्थित होकर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सेवाकेंद्र की प्रभारी बीके कंचन दीदी ने विधान पार्षद सुरेश राय का स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए ईश्वरीय सौगात भेंट की।
समारोह को संबोधित करते हुए बीके कंचन दीदी ने दीपावली के आध्यात्मिक महत्व और उसके गहरे रहस्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल बाहरी दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अपने अंतर्मन में ज्ञान, शांति, प्रेम और पवित्रता का दीप प्रज्वलित करने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक छोटा-सा दीपक अंधकार को दूर कर चारों ओर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार परमात्मा के ज्ञान और राजयोग ध्यान के अभ्यास से मनुष्य अपने जीवन से अज्ञान, विकार और नकारात्मकता को दूर कर सकता है। आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग ध्यान जीवन को सुखमय, शांतिमय एवं सकारात्मक बनाने का माध्यम है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं ब्रह्माकुमारी परिवार के भाई-बहनों ने एक-दूसरे को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में स्थानीय मीडिया कर्मियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी को ईश्वरीय प्रसाद वितरित किया गया तथा सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामनाएं दी गईं।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | बेगूसराय





Total views : 115441